ऋषि कपूर हुए पंचतत्व में विलीन, नम आंखों से दी अंतिम विदाई

ऋषि कपूर का गुरुवार को निधन हो गया। वो बीते दो साल से कैंसर से जूझ रहे थे। बुधवार को सांस लेने की दिक्कत के बाद अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां गुरुवार को उन्होंने अंतिम सांस ली। मुंबई के मरीन लाइंस स्थित चंदनवाड़ी श्मशानघाट पर उनका अंतिम संस्कार किा गया। 

rishi kapoor last rites
हिन्दी फिल्म जगत के बेहतरीन अभिनेताओं में से एक ऋषि कपूर का गुरुवार को सुबह 8 बजकर 45 मिनट पर निधन हो गया। बीते दो साल से कैंसर से ग्रसित थे, जिसका बीते साल अमेरिका से इलाज़ करवाकर भारत लौटे थे। 

वहीं बुधवार की देर रात उनको सांस लेने में दिक्कत के चलते अस्पताल में भर्ती करवाया गया था, जहां गुरुवार की सुबह उनका निधन हो गया। उनका मुंबई में मरीन लाइंस के चंदनवाड़ी श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। 

दोपहर 3.45 बजे उनका पार्थिव शरीर श्मशान घाट लाया गया था, जिसके बाद श्मशान घाट में विद्युत शवदाह गृह में उनका अंतिम संस्कार किया गया। श्मशान घाट में शव लाने के बाद करीब आधे घंटे के अंदर ही ऋषि कपूर के अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की गई।

ऋषि कपूर के अंतिम संस्कार में लॉकडाउन की वजह से सिर्फ चुनिंदा लोगों को ही शामिल होने की इजाजत दी गई थी। 

अंतिम संस्कार के दौरान मुंबई पुलिस ने नीतू कपूर, रीमा जैन, मनोज जैन, अरमान जैन, आदर जैन, अनीषा जैन, राजीव कपूर, रणधीर कपूर, सैफ अली खान, करीना कपूर खान, बिमल पारिख, नताशा नंदन, अभिषेक बच्चन, डॉक्टर तरंग, आलिया भट्ट, अयान मुखर्जी, जय राम, रोहित धवन, राहुल रवैल को ही इजाजत दी। 

वहीं ऋषि कपूर की बेटी रिद्धिमा दिल्ली में हैं। दिल्ली पुलिस ने उनको मूवमेंट पास दिया, ताकि रिद्धिमा दिल्ली से मुंबई आ पाएं। रिद्धिमा को सुबह 10.30 बजे 5 लोगों के लिए पास जारी किया गया।

ऋषि कपूर का अंतिम दर्शन करने के लिए आलिया भट्ट अस्पताल पहुंचीं थी। इसके अलावा करीना कपूर अपने पति सैफ अली खान के साथ अस्पताल पहुंची। अभिषेक बच्चन भी अस्पताल पहुंचे और फिर अंतिम संस्कार में शामिल हुए। 

ऋषि के निधन की खबर पाकर कुछ फैंस अस्पताल के बाहर पहुंच गए थे, लेकिन मुंबई पुलिस ने लोगों से लॉकडाउन का पालन करने और घर जाने की अपील की। अस्पताल के सामने 100 मीटर तक सड़क खाली करा ली गई थी।

संबंधित ख़बरें

टिप्पणियाँ